ईएसजी पहलों में उत्कृष्टता के लिए आरईसी लिमिटेड को मिला ‘सस्टेनेबिलिटी आइकॉन्स अवार्ड 2025’
????????????
नई दिल्ली: आरईसी लिमिटेड, विद्युत मंत्रालय के अंतर्गत एक महारत्न सार्वजनिक क्षेत्र उद्यम और अग्रणी एनबीएफसी, को पर्यावरण, सामाजिक और शासन (ईएसजी) पहलों में उत्कृष्टता के लिए प्रतिष्ठित ‘सस्टेनेबिलिटी आइकॉन्स अवार्ड 2025’ से सम्मानित किया गया है।
यह सम्मान राजधानी दिल्ली में आयोजित एक भव्य समारोह में माननीय केंद्रीय विधि एवं न्याय राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) अर्जुन राम मेघवाल ने प्रदान किया। आरईसी लिमिटेड की ओर से यह पुरस्कार कंपनी के महाप्रबंधक (वित्त) अवनीश कुमार भारती ने प्राप्त किया।
‘सस्टेनेबिलिटी आइकॉन्स अवार्ड’ आरईसी लिमिटेड के उन उत्कृष्ट प्रयासों का प्रमाण है, जिनके माध्यम से कंपनी ने अपने मुख्य कार्यों में व्यापक ईएसजी सिद्धांतों को एकीकृत किया है। यह सम्मान न केवल नवाचार और स्थायी विकास को बढ़ावा देने की कंपनी की प्रतिबद्धता को दर्शाता है, बल्कि भारत को एक हरित, टिकाऊ और समावेशी भविष्य की ओर अग्रसर करने में उसके योगदान को भी रेखांकित करता है।
