केंद्र ने शिरीष चंद्र मुर्मू को तीन साल के लिए RBI का डिप्टी गवर्नर नियुक्त किया
नई दिल्ली (डी. के. चौहान): केंद्र सरकार ने शिरीष चंद्र मुर्मू को भारतीय रिज़र्व बैंक (RBI) का डिप्टी गवर्नर नियुक्त किया है। उनकी नियुक्ति 9 अक्टूबर 2025 से प्रभावी होगी और वह तीन वर्षों तक इस पद पर बने रहेंगे।
वर्तमान में मुर्मू RBI में कार्यकारी निदेशक के पद पर कार्यरत हैं। वह डिप्टी गवर्नर एम. राजेश्वर राव का स्थान लेंगे, जिनका कार्यकाल 8 अक्टूबर 2025 को समाप्त हो रहा है।
RBI में कुल चार डिप्टी गवर्नर होते हैं, जो मौद्रिक नीति, वित्तीय बाजार विनियमन, बैंकिंग पर्यवेक्षण एवं विनियमन जैसे अहम विभागों की जिम्मेदारी संभालते हैं।
शिरीष चंद्र मुर्मू, पूर्व भारत के नियंत्रक एवं महालेखापरीक्षक (CAG) गिरीश चन्द्र मुर्मू के छोटे भाई हैं। दोनों ओडिशा राज्य के संथाल जनजाति समुदाय से ताल्लुक रखते हैं।
उनकी नियुक्ति से न केवल RBI में प्रशासनिक मजबूती आएगी बल्कि यह भी संदेश जाता है कि देश की आदिवासी एवं जनजातीय पृष्ठभूमि से आने वाले लोग भी सर्वोच्च वित्तीय संस्थानों में अहम जिम्मेदारी निभा सकते हैं।
